राम मंदिर चंदा चोरी की सीबीआई या सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष गारंटी लाल गौतम ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोपों की सीबीआई अथवा सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और देशभर के लोगों ने अपनी श्रद्धा एवं विश्वास के साथ मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था। ऐसे में यदि चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है, तो उसकी पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

जनता को अधिकार है कि उसे मिले हिसाब

गारंटी लाल गौतम ने कहा कि जनता का पैसा जनता की आस्था से जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रत्येक दानदाता और देशवासियों को यह जानने का अधिकार है कि मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त धनराशि का उपयोग किस प्रकार किया गया। यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी, जैसे सीबीआई, अथवा सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि जांच की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पारदर्शिता और जवाबदेही की पक्षधर है तथा जनता के विश्वास से जुड़े किसी भी मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *