संवाददाता, उरई/जालौन
थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा कोतवाली जालौन में उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। इस दौरान उन्होंने प्राप्त शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को न्यायोचित एवं संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की जाए, जिससे आमजन का पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
थाना समाधान दिवस के दौरान संबंधित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।