संवाददाता, उरई/जालौन
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस (प्रथम एवं द्वितीय) का निर्धारित त्रैमासिक स्थलीय निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस को विधिवत रूप से खोला गया तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सील, अभिलेखों एवं लॉग-बुक का गहन परीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम लॉग-बुक का अवलोकन कर आवश्यक टिप्पणियां भी अंकित कीं।
इसके उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कक्ष में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वेयरहाउस में 24 घंटे संचालित निगरानी व्यवस्था से अवगत कराया गया तथा सीसीटीवी फुटेज का प्रदर्शन कर सुरक्षा एवं पारदर्शिता की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार समय-समय पर वेयरहाउस का निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाता है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति सभी राजनीतिक दलों एवं आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज, उप जिलाधिकारी उरई एवं प्रभारी ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस ज्योति सिंह, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण एवं प्रभारी अधिकारी ईवीएम-वीवीपैट अखिलेश तिवारी, ईवीएम सहायक तलहा मजहर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें समाजवादी पार्टी से राजीव शर्मा एवं जमाल उद्दीन, बहुजन समाज पार्टी से जिला अध्यक्ष बृजेश जाटव एवं जिला सचिव भगवती शरण पांचाल, भारतीय जनता पार्टी से प्रभारी निर्वाचन शांति स्वरूप महेश्वरी, अपना दल (एस) से जिला अध्यक्ष अनिल कुदारी तथा सीपीआई (एम) से जिला सचिव विनोद कुमार नगरिया सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।