सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता, कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 25 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूक किया गया।

इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्हें पॉक्सो एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण अधिनियम), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने या उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *