संवाददाता, कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ईवीएम वेयरहाउस में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली, सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिरुद्ध सिंह चौहान सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें समाजवादी पार्टी के शेखू खान, कांग्रेस पार्टी के गोविंद यादव, बहुजन समाज पार्टी के आशुतोष गौतम तथा आम आदमी पार्टी के भगवान सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रखरखाव से संबंधित सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।