नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं कैंसर जागरूकता पर संगोष्ठी आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान

कानपुर देहात, 23 जून 2026।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद न्यायालय कानपुर देहात एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय सभागार में “नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के उपलक्ष्य में जागरूकता संगोष्ठी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री नूपुर श्रीवास्तव ने की। आयोजन के दौरान नशीली दवाओं, तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों जैसे ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा इनके रोकथाम के उपाय बताए गए।

एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. यतेन्द्र शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं संतुलित जीवनशैली पर प्रकाश डालते हुए तंबाकू नियंत्रण कानूनों की जानकारी दी। वहीं एलएलबी इंटर्न शिवा तिवारी ने निःशुल्क विधिक सहायता एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी साझा की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविन्द ने नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम, योग एवं संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक लगभग 3200 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। संगोष्ठी में विभिन्न चिकित्साधिकारी, आशा कार्यकर्ता, नर्सिंग छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *