महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान

संवाददाता, कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 18 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही अपराधों से बचाव, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया।

अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।

पुलिस विभाग ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। जागरूकता और सहभागिता के माध्यम से ही एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *