भूमि विवादों के गंभीर मामलों के लिए बनेगी टास्क फोर्स समिति जनसुनवाई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

संवाददाता
उरई/जालौन, 15 जून 2026

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, पेंशन, भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक मामले का मौके पर सत्यापन कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।

भूमि विवादों से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरण, जिनमें बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं अथवा जिनमें राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त जांच आवश्यक है, उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए टास्क फोर्स समिति गठित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि गठित समिति मौके पर पहुंचकर तथ्यात्मक जांच करेगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिससे विवादों का शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि कब्जा, पैमाइश, रास्ता विवाद, बैनामा संबंधी विवाद तथा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण जैसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इन मामलों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *