संवाददाता
उरई/जालौन
पुलिस अधीक्षक जालौन ने कोतवाली उरई में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण का अर्दली रूम आयोजित कर कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नियमित गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ करें।
अर्दली रूम के दौरान थाना स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।