संवाददाता
उरई/जालौन
जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन ने क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
वर्चुअल जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण करने पर भी बल दिया।
वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर आमजन को सुलभ, प्रभावी एवं तकनीक आधारित शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।