संवाददाता | लखनऊ
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता खालिद अंसारी ने कहा कि बेटी किसी की भी हो, उसका सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। किसी भी महिला के खिलाफ अभद्र भाषा, अपमानजनक टिप्पणी या चरित्र हनन स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की पक्षधर रही है। पार्टी सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों पर कार्य करती है तथा हर वर्ग को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
खालिद अंसारी ने कहा कि प्रदेश में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं पर लगातार संवाद करना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीब वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाए, जिससे पार्टी का जनाधार और मजबूत हो सके।
खालिद अंसारी ने विश्वास जताया कि यदि कार्यकर्ता पूरी मेहनत और ईमानदारी से जनता के बीच काम करेंगे तो पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और विकास, रोजगार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसे विषयों को प्राथमिकता देती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करने का संकल्प लिया।