संवाददाता
उरई/जालौन
साइबर थाना एवं जनपद जालौन के विभिन्न थानों पर गठित पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 210 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने जालौन पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के कारण उनके खोए हुए मोबाइल उन्हें वापस मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन ने कहा कि साइबर थाना एवं जनपद पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या साइबर अपराध की किसी भी घटना की सूचना तत्काल संबंधित थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आधुनिक तकनीक और सतत प्रयासों के माध्यम से गुमशुदा मोबाइलों की खोज कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस भविष्य में भी साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सहायता के लिए इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कार्य बताया।