25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर अवैध तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार

संवाददाता
कानपुर देहात

जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अकबरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को अवैध असलहा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार थाना अकबरपुर में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित सूरज सिंह पुत्र वंशलाल उर्फ वंशराज निवासी ग्राम सरैंया लालपुर थाना शिवली की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

13 जून 2026 को रात्रि चेकिंग के दौरान थाना अकबरपुर पुलिस टीम ने बलिहारा मोड़ के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

बरामदगी के आधार पर थाना अकबरपुर में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके विरुद्ध कानपुर देहात के विभिन्न थानों में लूट, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक शोभित कटियार (चौकी प्रभारी बारा), हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल सर्वेन्द्र कुमार एवं आरक्षी अनुज कुमार की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *