संवाददाता
कानपुर देहात
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत रनियां के वार्ड संख्या-01 स्थित सुभाष नगर (मलिन बस्ती) में जन जागरूकता शिविर एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन एवं पीएम प्रणाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की पात्रता और लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में महिला कल्याण एवं बाल विकास, पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रतिभा शुक्ला तथा पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी रहे। दोनों अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत माता मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष वितान दिवाकर, नायब तहसीलदार विक्रम पासवान, अधिशासी अधिकारी मनीष राय, पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप सिंह गौर तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय की अनीता यादव सहित कई अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा, संजय पाण्डेय, प्रधान राकेश, समाजसेवी सोनी मिश्रा, पम्मी सिंह, शील मिश्रा, सम्राट चिराग सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना, पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को जानकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना रहा।