संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को जनपद कानपुर देहात में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस की टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी सेवा एवं 1076 पुलिस कंट्रोल रूम सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके साथ ही यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय साझा किए गए।
महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी प्रदान की गई।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है। पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।