संवाददाता | रामपुरा (जालौन)
जनपद जालौन के रामपुरा थाना परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी ने की, जबकि थाना प्रभारी निरीक्षक सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस के दौरान कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों में मौके पर जाकर जांच करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
थाना समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर राजस्व विभाग के कर्मचारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।