मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनविश्वास के स्वर्णिम अध्याय : प्रभारी मंत्री प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा पर रखे विचार

संवाददाता
उरई/जालौन

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद जालौन के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की विकास, सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय बताया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा को जनता ने 2019 और 2024 में लगातार समर्थन देकर मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

उन्होंने बताया कि डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ी है तथा फर्जी लाभार्थियों को हटाकर लाखों करोड़ रुपये की सरकारी धनराशि बचाई गई है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और सर्जिकल स्ट्राइक तथा एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने नए भारत की शक्ति का परिचय विश्व को कराया है।

जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना तथा विश्वकर्मा योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना से सस्ता ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और उज्ज्वला योजना जैसी पहल महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

आधारभूत संरचना विकास पर प्रकाश डालते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विस्तार हुआ है, लाखों किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया गया है तथा रेलवे, मेट्रो और हवाई सेवाओं में ऐतिहासिक विकास हुआ है। वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत स्टेशन योजना, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और नया संसद भवन आधुनिक भारत की प्रगति के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, मिशन इंद्रधनुष के तहत करोड़ों बच्चों का टीकाकरण तथा भारतनेट परियोजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ना सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।

भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि वैक्सीन मैत्री अभियान, जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकार्यता, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में वृद्धि तथा अनेक देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते भारत की बढ़ती साख के प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त अंतरराष्ट्रीय सम्मान देश के लिए गौरव का विषय हैं।

प्रेसवार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण की निरंतर यात्रा हैं, जिसे देशवासियों का विश्वास और सहभागिता निरंतर शक्ति प्रदान कर रही है।

इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *