संवाददाता
उरई/जालौन
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सदर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई भव्य विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में 41 विभागों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत किया। युवा, महिला एवं गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं, उत्तर प्रदेश की आधारभूत संरचना परियोजनाओं, धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास, कानून व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा में हुए बदलावों को “पहले और अब” थीम के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। सूचना विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को 3 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र हेतु ₹1.08 लाख-₹1.08 लाख तथा एक लाभार्थी को 2 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र के लिए ₹90 हजार की अनुदान स्वीकृति प्रदान की।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत नौ आईसीडीएस सुपरवाइजरों को कार्य दक्षता बढ़ाने के लिए सैमसंग मोबाइल फोन वितरित किए गए। डूडा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत सात लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत छह लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत तीन पात्र लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न गतिविधियों एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कुल ₹6 करोड़ 24 लाख 90 हजार की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और आज करोड़ों गरीब, किसान, महिलाएं, युवा एवं वंचित वर्ग इन योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री स्वनिधि, सूर्यघर योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उत्तर प्रदेश आज निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करते हुए देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।
प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।