प्रभारी मंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर किया स्वच्छता श्रमदान, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश नया पटेल नगर वार्ड में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, सफाई कर्मियों का बढ़ाया उत्साह, नागरिकों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

संवाददाता
उरई/जालौन

केंद्र एवं प्रदेश सरकार की “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी अभियानों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने नगर के नया पटेल नगर वार्ड संख्या-09 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने वार्ड की गलियों, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर स्वच्छता कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने सफाई कर्मियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी कार्यप्रणाली और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और संस्कार से जुड़ा जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके सम्मान, कल्याण एवं सुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और उपस्थित नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना से किया गया प्रत्येक कार्य समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है तथा सभी नागरिकों को अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इसके उपरांत उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया और कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अधिकाधिक पौधरोपण आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान सहित विभिन्न वृक्षारोपण अभियानों से जुड़ने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन के माध्यम से जनसुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सेवा के ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आमजन मिलकर कार्य करते हैं तो विकास एवं जनकल्याण के लक्ष्य अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होते हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक प्रतिनिधि आशु चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उरई सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी, नगर पालिका उरई की टीम एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *