संवाददाता
उरई/जालौन
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम रगौली में प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत सचिवालय परिसर में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी के फीता काटकर उद्घाटन से हुई। इसके बाद आयोजित जन चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, सुझाव एवं स्थानीय आवश्यकताओं को मंत्री के समक्ष रखा।
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया और कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण विकास विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराया जाए।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली का मूल आधार है। इसी भावना के अनुरूप गरीबों का उत्थान, महिलाओं का सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जन चौपालों के माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रही है और मौके पर समाधान सुनिश्चित कर रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने गांव का भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा एक गरीब परिवार के घर पहुंचकर उनके साथ सहभोज किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना और आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए सेवा एवं संवेदनशील शासन की भावना को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया। यह दृश्य ग्रामीणों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जल शक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।