संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवेदक को उसके प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना है।