मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर व साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 12 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने उन्हें महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की उपयोगिता से अवगत कराया।

इसके साथ ही यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

अभियान के दौरान महिलाओं को पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *