नोडल अधिकारी ने विकास कार्यों एवं केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की अस्पतालों के फायर सेफ्टी ऑडिट, सार्वजनिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री जी.एस. प्रियदर्शी की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित कार्यक्रमों, विकास एवं निर्माण कार्यों, कानून-व्यवस्था, सीएम डैशबोर्ड तथा पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान नोडल अधिकारी ने पुलिस विभाग को जनपद स्तर पर एकीकृत मालखाना स्थापित करने तथा विभिन्न थानों में खड़े जब्त वाहनों के लिए सेंट्रल यार्ड विकसित करने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि एकीकृत यार्ड के निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर है।

नोडल अधिकारी ने जनपद के सभी अस्पतालों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बड़े विद्यालयों का भी फायर ऑडिट कराया जाना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने पुलिस लाइन रोड चौड़ीकरण योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।

बैठक में सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने पर बल दिया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारियों को सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नोडल अधिकारी ने जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को बड़े बकायेदारों से प्रभावी वसूली, समय पर बिजली बिल वितरण तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

उन्होंने उद्यान विभाग के अंतर्गत स्थापित इन्क्यूबेशन सेंटर को इसी माह संचालित करने, श्रमिकों की सुविधा के लिए लेबर अड्डों का प्रस्ताव शासन को भेजने तथा स्वयं सहायता समूहों से अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

बैठक के अंत में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समय पर अद्यतन आंकड़े फीड करने और विभागीय योजनाओं में प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जय गोविन्द, प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *