केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नगर पंचायत अकबरपुर में सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान थीम पर विविध कार्यक्रम आयोजित सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने किया शुभारंभ, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में जनभागीदारी

संवाददाता | कानपुर देहात

केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी एवं सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के अंतर्गत नगर पंचायत अकबरपुर में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत “एक वृक्ष माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान, विशेष स्वच्छता अभियान एवं “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद देवेन्द्र सिंह भोले रहे। उनके साथ नगर पंचायत अकबरपुर एवं शिवली के चेयरमैन, नगर पंचायत अकबरपुर के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण से हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इसके पश्चात विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं सफाई कार्यों में भाग लेकर लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और स्वच्छ समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।

“सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश भी दिए।

सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नागरिकों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *