संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि ने पुलिस अधीक्षक जालौन के साथ पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, प्रभावी अभियोजन तथा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई। अधिकारियों से विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने निर्देशित किया कि साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र अनावरण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जाए। उन्होंने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ समाधान किया जाए।
बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण कर प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस कर्मियों के कल्याण, अनुशासन, नियमित प्रशिक्षण एवं कार्यक्षमता में निरंतर सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
गोष्ठी के अंत में उपस्थित अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनविश्वास को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।