संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि के साथ रिजर्व पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय उरई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए अभिलेखों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण करते हुए उनके नियमित अद्यतन, सुव्यवस्थित रखरखाव एवं कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रशासनिक कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किए जाएं।
उन्होंने पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और कार्यकुशलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन, अपर पुलिस अधीक्षक जालौन तथा जनपद के क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।