संवाददाता | कानपुर देहात
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों (सीधी भर्ती-2025) की लिखित परीक्षा को सुचारु, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 07 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात आलोक प्रसाद ने थाना अकबरपुर एवं भोगनीपुर क्षेत्र में स्थित परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं स्टाफ की सतर्कता सहित समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हों।
अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।:::