8 जून से खुलेंगे मत्स्य विभाग की योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन, जालौन के मत्स्य पालकों को मिलेगा लाभ मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा, निषादराज बोट सब्सिडी एवं एयरेशन सिस्टम योजना के लिए 28 जून तक किए जा सकेंगे आवेदन

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून से प्रारंभ होगी। सहायक निदेशक मत्स्य गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि इच्छुक मत्स्य पालक एवं पात्र लाभार्थी विभागीय पोर्टल पर 8 जून 2026 से 28 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर मत्स्य उत्पादन में वृद्धि करना तथा मत्स्य पालकों की आय को सुदृढ़ बनाना है।

सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन से संबंधित परियोजना विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवश्यक अभिलेख, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका अध्ययन करने के बाद ही आवेदन किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में किसी प्रकार का संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही प्रभावी होंगे। साथ ही पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त हो गए थे अथवा प्रतीक्षारत हैं, वे भी पुनः आवेदन करने के पात्र होंगे।

सहायक निदेशक मत्स्य ने जनपद के सभी इच्छुक मत्स्य पालकों एवं लाभार्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करना और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, जालौन से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *