संवाददाता | कानपुर देहात
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को सुचारु, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अकबरपुर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं कर्मचारियों की सतर्कता सहित सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं एवं सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।