आरक्षी भर्ती परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर की तैयारियों की समीक्षा, 8 से 10 जून तक दो पालियों में होगी परीक्षा

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन दिनों की कुल छह पालियों में 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए 09 केंद्र व्यवस्थापक, 09 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 09 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 09 सह केंद्र व्यवस्थापक एवं 09 परीक्षा सहायकों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 03 रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट, 03 रिजर्व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 03 रिजर्व केंद्र व्यवस्थापकों को भी नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन की प्रक्रिया आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, हेडफोन, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, कैमरा, पेन ड्राइव सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे और प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी अवांछनीय गतिविधि या व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *