कानपुर देहात। सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जनपद कानपुर देहात में यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में 31 मई 2026 को रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न एवं नंबर प्लेट की जांच की गई। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।
अभियान के दौरान की गई कार्रवाई
विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 474 वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त उल्लंघनकर्ताओं से ₹31,73,500 (इकत्तीस लाख तिहत्तर हजार पांच सौ रुपये) का शमन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट एवं नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की संबंधित धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में ऐसे आकस्मिक एवं विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें।