संवाददाता, कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवेदक को उसके प्रकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।