संवाददाता | कानपुर देहात
प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने मानवता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल स्कूली बच्चों की तत्काल सहायता कर सराहनीय पहल की।
जानकारी के अनुसार झांसी की ओर जाते समय कानपुर देहात क्षेत्र में सिंगूर नदी के पास मावर शरीफ गांव के निकट एक स्कूली बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। उसी दौरान मंत्री का काफिला वहां से गुजर रहा था। दुर्घटना देखकर उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और स्वयं मौके पर पहुंचकर बच्चों का हालचाल जाना।
कारागार मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन को निर्देशित करते हुए घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। उनकी तत्परता के चलते बच्चों को समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।
दुर्घटना में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। दो बच्चों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया गया है।
स्थानीय लोगों ने मंत्री की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना की।