संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय ने जानकारी दी कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जनपद में वन विभाग सहित 25 विभागों द्वारा वर्षाकाल 2026 में कुल 50.27 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण की कार्ययोजना समय से तैयार कर भेजी जाए तथा पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों की सिंचाई एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रभागीय वनाधिकारी ने निर्देशित किया कि पौधरोपण के लिए गड्ढा खुदान का कार्य जून 2026 के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण कर लिया जाए तथा सभी विभाग अपने-अपने नोडल अधिकारियों की सूचना वन विभाग को उपलब्ध कराएं।
बैठक में बताया गया कि 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय स्तर पर कम से कम 10 पौधे लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जल निगम, मनरेगा एवं पंचायतीराज विभाग को पानी की टंकियों एवं ग्राम सचिवालय परिसरों में अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए।
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वर्षाकाल से पूर्व नालों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला गंगा समिति के अधिकारियों ने अवगत कराया कि 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के अवसर पर नदी घाटों पर भारी भीड़ होने की संभावना है। इस पर जिलाधिकारी ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया गया कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को शोधित करने के बाद ही छोड़ा जाए।