संवाददाता | उरई/जालौन
प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने नगर पालिका परिषद उरई के सामने आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रदर्शनी एवं मेला का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। शुभारंभ के साथ ही पूरा मेला परिसर रंग-बिरंगी रोशनी, बच्चों की चहल-पहल और लोगों की भारी भीड़ से गुलजार हो उठा।
मेले में बच्चों के लिए लगाए गए बड़े एवं छोटे झूले, खिलौनों की दुकानें, चाट-पकौड़ी, आइसक्रीम और मिठाइयों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
प्रभारी मंत्री ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न दुकानों एवं झूलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेले हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक मेलजोल के प्रतीक होते हैं। साथ ही ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों के लिए रोजगार के बेहतर अवसर भी प्रदान करते हैं।
मेले में दूर-दूर से आए दुकानदारों ने घरेलू सामान, कपड़े, खिलौने, सजावटी वस्तुएं तथा खानपान से संबंधित आकर्षक स्टॉल लगाए, जहां लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
इस अवसर पर मूलचंद निरंजन, अरविंद चौहान, उर्विजा दीक्षित एवं संजीव उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।