संवाददाता | उरई/जालौन
प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पोषण, पेंशन, ग्रामीण विकास, आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना एवं फैमिली आईडी अभियान की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने के निर्देश देते हुए नगर निकायों में वार्डवार अभियान चलाने पर जोर दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने, खरीद केंद्रों पर पेयजल एवं छाया जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं पेंशन आवेदन की प्रक्रिया सरल बनाने को कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने कहा कि पात्रता के आधार पर पूरी पारदर्शिता से लाभार्थियों का चयन किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।
चिकित्सा विभाग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं।
बैठक में रमा निरंजन, मूलचंद निरंजन, राजेश कुमार पाण्डेय, विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।