अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज डीएम के निर्देश पर चुर्खी रोड क्षेत्र में देर रात चला अभियान

संवाददाता | उरई/जालौन

जनपद जालौन में अवैध खनन एवं राजस्व क्षति रोकने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स समिति ने देर रात चुर्खी रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बिना वैध अनुमति मिट्टी का परिवहन कर रहे 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर पकड़ लिया गया। जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा आवश्यक दस्तावेज एवं वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद सभी वाहनों को तत्काल सीज कर फैक्ट्री एरिया चौकी में खड़ा कराया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों एवं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि खनन से संबंधित सभी कार्य शासन की निर्धारित प्रक्रिया एवं वैध अनुमति के अनुसार ही किए जाएं। प्रशासन द्वारा देर रात की गई इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *