संवाददाता, उरई
उरई, 12 मई 2026। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी आर.डी. वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के पात्र कारीगरों को निःशुल्क मशीनों का वितरण किया जाएगा।
योजना के तहत परम्परागत स्वरोजगार में रुचि रखने वाले कारीगरों को 08 मोटराइज्ड दोना-पत्तल मशीनें निःशुल्क वितरित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त भुर्जी समाज के कारीगरों एवं इस उद्योग में रुचि रखने वाले लाभार्थियों को 08 पॉपकॉर्न मेकिंग मशीनें भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु लाभार्थी का जनपद का मूल निवासी होना आवश्यक है। आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के साथ आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
इच्छुक लाभार्थी दिनांक 30 मई 2026 तक अपने आवेदन पत्र संबंधित प्रमाण पत्रों सहित जिला खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय, जालौन (स्थान— नया पटेल नगर, चुर्खी रोड, कलेक्ट्रेट गेट नंबर-02 के सामने, उरई) में जमा कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क सूत्र: 9580503138 पर संपर्क किया जा सकता है।