संवाददाता, उरई/जालौन
जालौन। जनपद में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने एवं ओवरलोड तथा जब्त वाहनों के सुरक्षित संचालन की व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम डकोर, परगना एवं तहसील उरई स्थित बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड किनारे प्रस्तावित होल्डिंग एरिया एवं डम्पिंग यार्ड निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
लगभग 1.61 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत इस परियोजना को जनपद की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सीडी-3 को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जनपद में जब्त एवं ओवरलोड वाहनों को सुरक्षित खड़ा करने के लिए पर्याप्त होल्डिंग एरिया उपलब्ध नहीं है। ऐसे वाहनों के व्यवस्थित प्रबंधन में प्रशासन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए इस आधुनिक होल्डिंग एरिया एवं डम्पिंग यार्ड की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले भूमि का समतलीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि परियोजना का कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में यातायात नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। होल्डिंग एरिया बनने के बाद जब्त वाहनों को व्यवस्थित रूप से रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, जिससे सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग की समस्या समाप्त होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बन सकेगी।
उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, तहसीलदार श्रीश मिश्रा, लेखपाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।