मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

संवाददाता, कानपुर देहात

कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने दिनांक 12 मई 2026 को प्रातः 10:23 बजे विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में समयपालन, अनुशासन एवं कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ बनाए रखना था।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के कई अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों का 12 मई 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, उप निदेशक कृषि कार्यालय, सहायक अभियंता लघु सिंचाई कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय एवं सहकारिता विभाग के कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक संबंधित कर्मचारियों का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अनुशासन एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यसंस्कृति विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *