संवाददाता, कानपुर देहात
कानपुर देहात, 12 मई 2026। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आकस्मिक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास कराया गया।
यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं संयमित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित करना था, ताकि समाज में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखा जा सके।
अभ्यास के दौरान जनपद के समस्त थानों एवं पुलिस लाइन्स में तैनात पुलिसकर्मियों को दंगा-फसाद जैसी परिस्थितियों में न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए भीड़ नियंत्रण के उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बॉडी प्रोटेक्टर, टियर गैस, एंटी-राइट गन सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग की बारीकियों से अवगत कराया गया।
ड्रिल के दौरान पुलिस बल को दो टीमों में विभाजित किया गया। एक टीम ने उपद्रवियों की भूमिका निभाई, जबकि दूसरी टीम ने शांतिपूर्ण एवं रणनीतिक तरीके से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में धैर्य, संयम और दक्षता के साथ कार्य करने का अभ्यास कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास कानून व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होते हैं। यह ड्रिल सामाजिक सद्भाव, समानता और शांति बनाए रखने के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न शाखाओं में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।