उरई/जालौन | 09 मई 2026 | संवाददाता
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में अवैध मिट्टी एवं मौरंग खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कुल 13 वाहनों को सीज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 मई 2026 की रात्रि में नवनियुक्त ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह को प्रतापपुरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां अवैध खनन में लिप्त 05 ट्रैक्टर एवं 01 जेसीबी को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कोतवाली जालौन में निरुद्ध किया गया।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी कालपी मनोज कुमार सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक कालपी अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कालपी क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान 06 मौरंग लदे ट्रक एवं 01 गिट्टी से लदा ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन्हें सीज कर विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया।
अभियान के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, खनिज विभाग के अधिकारी उमेश कुमार एवं पुलिस टीम मौजूद रही।
अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से परिवहन विभाग को लगभग 9 लाख रुपये से अधिक प्रशमन शुल्क तथा खनिज विभाग को लगभग 10 लाख रुपये राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। इसके अलावा वाणिज्य कर विभाग को भी राजस्व प्राप्त होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।