उरई/जालौन | 09 मई 2026 | संवाददाता
जनपद जालौन में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें न्यायालयों एवं जिला प्रशासन द्वारा कुल 2,36,828 मामलों का निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। जनपद की सभी तहसीलों में स्थित न्यायालयों में भी लोक अदालत का सफल आयोजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर एक विशेष पहल के तहत स्वास्थ्य शिविर, “एक जिला एक उत्पाद” प्रदर्शनी तथा जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे लोगों ने सराहा।
मामलों के निस्तारण की प्रमुख झलक
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी ने जानकारी देते हुए बताया कि—
- जिला जज द्वारा 22 मुकदमों का निस्तारण कर 1.26 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दिलाई गई।
- मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा 78 मामलों में 29.20 लाख रुपये क्षतिपूर्ति दिलाई गई।
- विभिन्न न्यायालयों द्वारा हजारों दीवानी एवं फौजदारी मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया गया।
- मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 2951 आपराधिक मामलों का निस्तारण किया गया।
- विद्युत अधिनियम के अंतर्गत 228 मामलों का निपटारा किया गया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के 378 ऋण मामलों में भी समझौता कराया गया।
प्रशासनिक स्तर पर भी हुआ निस्तारण
जिला प्रशासन के स्तर पर भी बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया। जिला मजिस्ट्रेट, अपर जिला मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा—
- राजस्व एवं फौजदारी के 2562 मामले
- प्री-लिटिगेशन के 2,27,905 मामले
का निस्तारण किया गया।
इस प्रकार न्यायालय एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयास से कुल 2,36,828 मामलों का सफल निस्तारण कर आमजन को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय प्रदान किया गया।