थाना समाधान दिवस में फरियादियों को मिली त्वरित राहत, डीएम-एसपी ने मौके पर कराया निस्तारण

उरई/जालौन | 09 मई 2026 | संवाददाता

जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस के अंतर्गत जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने एट कोतवाली सभागार में फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।

इस दौरान प्राप्त शिकायतों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें एक आवास से संबंधित तथा दूसरी पारिवारिक विवाद की थी। दोनों ही मामलों का मौके पर सुनवाई कर आपसी सहमति से निस्तारण कराया गया, जिससे फरियादियों को त्वरित राहत मिली।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अधिशासी अधिकारी एवं लेखपाल को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी अवैध कब्जा मिले, वहां तत्काल नोटिस जारी कर पीपी एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने खाली पड़ी सरकारी भूमि के सदुपयोग पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि वहां गौशालाओं के लिए हरे चारे की बुवाई कराई जाए, ताकि निराश्रित गोवंश के लिए चारे की समुचित व्यवस्था हो सके।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *