उरई/जालौन | संवाददाता
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ एवं जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा बाजारों में निरीक्षण किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान जेल रोड स्थित अगस्त्य एसोसिएट से सुपारी का नमूना संग्रहित किया गया तथा परिसर में साफ-सफाई न पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं, गोपालगंज सब्जी मंडी में अनिल पुरवार के प्रतिष्ठान से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल (ब्रांड जेमिनी) का नमूना लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा और त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जनपद के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव एवं महेश प्रसाद भी उपस्थित रहे।