संवाददाता, उरई/जालौन |
उरई स्थित विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुपमा लोधी, सदस्य राज्य महिला आयोग द्वारा की गई।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, राशन कार्ड सहित विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
अध्यक्षता कर रही सदस्य ने प्रत्येक महिला की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही महिला कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।