जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान में जनप्रतिनिधियों ने की भागीदारी, आमजन से भी की अपील

संवाददाता, कानपुर देहात |

भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में जनपद कानपुर देहात में मा० राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वगणना कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई और आमजन से भी इसमें भाग लेने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण, संसाधनों का वितरण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारण किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्वगणना पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार व्यापक स्तर पर डिजिटल स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद स्तर पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना कर अभियान को सफल बनाने और सही जानकारी देकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *