संवाददाता, कानपुर देहात |
आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (दिनांक 09 मई 2026) के सफल आयोजन के दृष्टिगत जनपद न्यायालय के सभागार में दिनांक 07 मई 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात श्री रविन्द्र सिंह द्वारा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। इस दौरान सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक वादों का आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके।
माननीय अध्यक्ष द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें लोक अदालत में प्रस्तुत करें और निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाएं।
बैठक में नोडल अधिकारी लोक अदालत एवं अपर जिला जज प्रथम श्री रजत सिन्हा, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक कमिश्नरेट कानपुर नगर, श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।