चोक पाइपलाइन की मरम्मत पूरी, इकघरा के ग्रामीणों को मिलने लगा पानी
संवाददाता
कानपुर देहात।
विकासखंड डेरापुर के ग्राम नोनारी बुजुर्ग के मजरा इकघरा में बाधित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजना की पाइपलाइन चोक होने से ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बाद जल निगम के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर तकनीकी खामी दूर कर जलापूर्ति दोबारा शुरू करा दी।
अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण, इंजी. टीआर कटारिया ने बताया कि पाइपलाइन चोक होने की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद विभागीय टीम ने पाइपलाइन की मरम्मत कर दी, जिससे मजरे में पेयजल आपूर्ति सुचारू हो गई है।
2022 में शुरू हुई थी पेयजल परियोजना
नोनारी बुजुर्ग के मजरा इकघरा में ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना के तहत पेयजल परियोजना संचालित की जा रही है। वर्ष 2022 में शुरू हुई इस परियोजना के अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। योजना के अंतर्गत 11.04 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है।
सौर ऊर्जा से संचालित हो रही योजना
परियोजना की खास बात यह है कि इसका संचालन सौर ऊर्जा के माध्यम से किया जा रहा है। जलकल परिसर में सौर ऊर्जा प्लांट का कार्य भी निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया गया था। इसके अलावा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत का काम भी 10 नवंबर की निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा कर लिया गया।
फिलहाल पाइपलाइन चोक होने की समस्या दूर होने के बाद इकघरा के ग्रामीणों को फिर से पेयजल मिलने लगा है। जल निगम की ओर से तकनीकी खामी दूर कर आपूर्ति बहाल किए जाने से ग्रामीणों को राहत मिली है।