राजपुर में रिश्तों का कत्ल! डंडे से पीटकर मां की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार

पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची थीं 65 वर्षीय रामसखी, अस्पताल में तोड़ा दम; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

संवाददाता
राजपुर/कानपुर देहात।

थाना राजपुर क्षेत्र के खसबरा गांव में गुरुवार रात पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंची 65 वर्षीय रामसखी पर उनके छोटे बेटे विमलेश ने कथित तौर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामसखी की प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

विवाद शांत कराने पहुंचीं मां, हमले में हुईं घायल

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात विमलेश (38) और उसकी पत्नी दुर्गा (35) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। झगड़ा बढ़ता देख रामसखी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान विमलेश ने उनके पैरों पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इसके बाद बहू दुर्गा उन्हें तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लेकर पहुंचीं। वहां चिकित्सक डॉ. दिलीप सक्सेना ने उनका उपचार किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद रामसखी की जान नहीं बच सकी।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी विमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बुजुर्ग पति का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार में पसरा मातम

रामसखी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 70 वर्षीय पति लल्लू राम का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के दो बेटे हैं। बड़े बेटे जितेंद्र (40) और छोटे बेटे विमलेश (38) के परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा है।

विमलेश की पत्नी दुर्गा की दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी शिवानी (15) और छोटी प्रांसी (3) वर्ष की है। घटना के बाद खसबरा गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *